- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
होम / करेंट अफेयर्स
सिविल कानून
विधिक प्रतिनिधि धारा 34 के अधीन माध्यस्थम् पंचाट को चुनौती दे सकते हैं, अनुच्छेद 227 के अधीन नहीं
« »21-Apr-2026
|
वी.के. जॉन बनाम एस. मुकनचंद बोथरा और एच.यू.एफ. (मृत) विधिक वारिसों द्वारा प्रतिनिधित्व और अन्य "इस न्यायालय के विचार में, किसी माध्यस्थम् पंचाट को चुनौती देने के लिये विधिक प्रतिनिधि के लिये उचित अनुतोष माध्यस्थम् अधिनियम की धारा 34 के अधीन है, न कि संविधान के अनुच्छेद 227/सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 115 के अधीन।" न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह |
स्रोत: उच्चतम न्यायालय
चर्चा में क्यों?
उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने वी.के. जॉन बनाम एस. मुकनचंद बोथरा और एच.यू.एफ. (मृत) विधिक वारिसों द्वारा प्रतिनिधित्व और अन्य (2026) के मामले में यह निर्णय दिया कि माध्यस्थम् पंचाट से व्यथित विधिक प्रतिनिधि के लिये उचित उपचार माध्यस्थम् और सुलह अधिनियम, 1996 की धारा 34 के अधीन आवेदन दाखिल करना है, न कि संविधान के अनुच्छेद 227 या सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 115 के अधीन याचिका। न्यायालय ने अपील खारिज कर दी और मद्रास उच्च न्यायालय के धारा 34 के अधीन उपचार का लाभ उठाने के निदेश की पुष्टि की।
वी.के. जॉन बनाम एस. मुकनचंद बोथरा और एच.यू.एफ. (मृत) एल.आर.एस. और अन्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
- यह विवाद 2007 में अपीलकर्त्ता के चाचा अप्पू जॉन द्वारा निष्पादित एक विक्रय करार से उत्पन्न हुआ, जिनका करार पर हस्ताक्षर करने के कुछ ही समय बाद निधन हो गया।
- माध्यस्थम् की कार्यवाही शुरू की गई, लेकिन कथित तौर पर एक गलत विधिक प्रतिनिधि के विरुद्ध 2011 में पारित माध्यस्थम् पंचाट में विक्रय विलेख के निष्पादन का निदेश दिया गया।
- अपीलकर्त्ता ने एकमात्र विधिक उत्तराधिकारी होने का दावा करते हुए और नोटिस न मिलने का हवाला देते हुए संविधान के अनुच्छेद 227 के अधीन मद्रास उच्च न्यायालय में माध्यस्थम् पंचाट को चुनौती दी।
- उच्च न्यायालय ने याचिका खारिज कर दी और अपीलकर्त्ता को इसके बजाय माध्यस्थम् और सुलह अधिनियम, 1996 की धारा 34 के अधीन उपचार अपनाने का निदेश दिया।
- अपीलकर्त्ता ने इस आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी।
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
न्यायमूर्ति संजय करोल द्वारा लिखित एक निर्णय में न्यायालय ने निम्नलिखित प्रमुख सिद्धांतों को प्रतिपादित किया:
- माध्यस्थम् और सुलह अधिनियम, 1996 अपने आप में एक संपूर्ण संहिता है। इसमें किसी पक्षकार की मृत्यु होने पर माध्यस्थम् कार्यवाही के समाप्त होने का प्रावधान नहीं है।
- माध्यस्थम् अधिनियम की धारा 34 के अंतर्गत 'पक्षकार' शब्द में इसके अधीन दावा करने वाले विधिक प्रतिनिधि' भी शामिल हैं। किसी पक्षकार की मृत्यु होने पर, अधिनियम के अंतर्गत सभी प्रयोजनों के लिये विधिक प्रतिनिधि उस पक्षकार का स्थान ग्रहण कर लेते हैं।
- माध्यस्थम् अधिनियम की धारा 35 माध्यस्थम् पंचाट की अंतिम वैधता को न केवल पंचाट के पक्षकारों तक अपितु 'उनके अधीन दावा करने वाले पक्षकारों' तक भी विस्तारित करती है, जिसमें अनिवार्य रूप से विधिक प्रतिनिधि सम्मिलित होते हैं।
- धारा 34 के अधीन किसी विधिक प्रतिनिधि को पंचाट को चुनौती देने के अधिकार से वंचित करना विवाद समाधान के एक स्व-निहित संहिता के रूप में माध्यस्थम् अधिनियम के उद्देश्य को विफल कर देगा, और एक ओर तो विधिक प्रतिनिधि बिना किसी उपचार के रह जाएँगे, वहीं दूसरी ओर उन्हें पंचाट को पूरा करने के लिये उत्तरदायी बना देगा।
- माध्यस्थम् कार्यवाही में मुकदमे के पक्षकार की मृत्यु होने पर विधिक प्रतिनिधित्व का अधिकार समाप्त नहीं किया जा सकता है।
- ऐसी परिस्थितियों में संविधान के अनुच्छेद 227 या सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 115 का सहारा लेना अनुमेय नहीं है, क्योंकि अधिनियम स्वयं पर्याप्त और उचित उपचार प्रदान करता है।
- तदनुसार, अपील खारिज कर दी गई, उच्च न्यायालय के निष्कर्षों की पुष्टि की गई और अपीलकर्त्ता को अधिनियम की धारा 34 के अधीन पंचाट को चुनौती देने का निदेश दिया गया।
माध्यस्थम् और सुलह अधिनियम, 1996 की धारा 34 क्या है?
धारा 34 – माध्यस्थम् पंचाट को अपास्त करना:
- इसका कार्य: यह माध्यस्थम् पंचाट के विरुद्ध एकमात्र उपचार प्रदान करता है - इसे अपास्त करने के लिये आवेदन।
- अपास्त करने के आधार (धारा 34(2)):
- पक्षकार आधारित आधार:
- किसी पक्षकार की असमर्थता
- अमान्य माध्यस्थम् करार
- उचित सूचना नहीं दी गई/मामला प्रस्तुत करने में असमर्थ
- माध्यस्थम् के दायरे से बाहर का पंचाट
- अधिकरण/प्रक्रिया की अनुचित संरचना
- न्यायालय द्वारा शुरू किये गए आधार:
- विधि के अधीन विवाद का माध्यस्थम् संभव नहीं है।
- यह पंचाट भारत की लोक नीति के विपरीत है (इसमें कपट/भ्रष्टाचार, भारतीय विधि की मूलभूत नीति का उल्लंघन, या नैतिकता/न्याय की बुनियादी अवधारणाओं का उल्लंघन शामिल है)।
- घरेलू पंचाट के लिये अतिरिक्त आधार (धारा 34(2क)): पंचाट के मुख पर स्पष्ट रूप से पेटेंट अवैधता (गुणों का पुन: मूल्यांकन अनुमत नहीं है)।
- समय सीमा (धारा 34(3)): पंचाट प्राप्ति की तिथि से 3 महीने + 30 दिन की छूट (आगे कोई विस्तार नहीं) ।
- प्रक्रिया: दूसरे पक्षकार को पूर्व सूचना देना और अनुपालन का शपथपत्र देना अनिवार्य है; सूचना दिये जाने के 1 वर्ष के भीतर मामले का निपटारा किया जाना चाहिये।
भारत के संविधान का अनुच्छेद 227 क्या है?
- यह अनुच्छेद संविधान के भाग 5 के अंतर्गत निहित है, जो उच्च न्यायालय द्वारा सभी न्यायालयों पर अधीक्षण की शक्ति से संबंधित है।
- यह प्रकट करता है की-
- खण्ड (1) में कहा गया है कि प्रत्येक उच्च न्यायालय को उन सभी न्यायालयों और अधिकरणों पर अधीक्षण का अधिकार होगा जिनके संबंध में वह अधिकारिता का प्रयोग करता है।
- खंड (2) में कहा गया है कि पूर्वोक्त प्रावधान की व्यापकता पर प्रतिकूल प्रभाव डाले बिना, उच्च न्यायालय निम्नलिखित कार्य कर सकता है—
- ऐसे न्यायालयों से विवरणी मांग सकेगा।
- ऐसे न्यायालयों की पद्धति और कार्यवाहियों के विनियमन के लिये साधारण नियम और प्ररूप बना सकेगा, और निकाल सकेगा तथा विहित कर सकेगा।
- किन्हीं ऐसे न्यायालयों के अधिकारियों द्वारा रखी जाने वाली पुस्तकों, प्रविष्टियों और लेखाओं के प्ररूप विहित कर सकेगा।
- खंड (3) में कहा गया है कि उच्च्च न्यायालय उन फीसों की सारणियां भी स्थिर कर सकेगा जो ऐसे न्यायालयों के शैरिफ को तथा सभी लिपिकों और अधिकारियों को तथा उनमें विधि-व्यवसाय करने वाले अटर्नियों, अधिवक्ताओं और प्लीडरों को अनुज्ञेय होंगी।
- बशर्ते कि खंड (2) या खंड (3) के अधीन बनाए गए कोई भी नियम, विहित किये गए कोई प्ररूप या स्थिर की गई कोई सारणी, तत्समय प्रवृत्त किसी विधि के उपबंध के साथ असंगत नहीं होगी और इनके लिये राज्यपाल के पूर्व अनुमोदन की अपेक्षा होगी।
- खंड (4) में कहा गया है कि इस अनुच्छेद की कोई बात उच्च न्यायालय को सशस्त्र बलों से संबंधित किसी विधि द्वारा या उसके अधीन गठित किसी न्यायालय या अधिकरण पर अधीक्षण की शक्तियां देने वाली नहीं समझी जाएगी।