- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
होम / कंपनी अधिनियम
सिविल कानून
कंपनी अधिनियम, 2013 के अंतर्गत लाभांश की घोषणा एवं भुगतान
«14-May-2026
परिचय
लाभांश किसी कंपनी द्वारा अपने अंशधारकों को उनकी अंशदारी के अनुपात में वितरित लाभ का अंश होता है। कंपनी अधिनियम, 2013 के अधीन, लाभांश की घोषणा और भुगतान धारा 123, 124 और 127 द्वारा नियंत्रित होता है, जो घोषणा के लिये अनुमत स्रोतों, दावा न किये गए लाभांशों के निपटान की प्रक्रिया और व्यतिक्रम के लिये दंडात्मक परिणामों को निर्धारित करती हैं। यह ढाँचा सुनिश्चित करता है कि लाभांश का भुगतान केवल वैध रूप से अर्जित लाभ से ही किया जाए और निदेशक जानबूझकर भुगतान न करने के लिये व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह हों।
धारा 123 — लाभांश की घोषणा
- कोई कंपनी केवल निम्नलिखित स्रोतों से लाभांश घोषित या भुगतान कर सकती है: अनुसूची 2 के अनुसार मूल्यह्रास का प्रावधान करने के बाद चालू वित्तीय वर्ष का लाभ; इसी प्रकार गणना किये गए पिछले वित्तीय वर्षों का अवितरित लाभ; उपरोक्त दोनों; या प्रत्याभूति के अधीन केंद्र या राज्य सरकार द्वारा प्रदान किया गया धन। इस प्रयोजन के लिये लाभ की गणना से अवास्तविक लाभ, काल्पनिक लाभ, परिसंपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन और उचित मूल्य समायोजन स्पष्ट रूप से बाहर रखे गए हैं।
- लाभांश घोषित करने से पहले, कोई कंपनी अपने लाभ का कोई भी अंश आरक्षित निधि में अंतरित कर सकती है - यह विवेकाधीन है, अनिवार्य नहीं। यदि कोई कंपनी चालू लाभ की अपर्याप्तता के कारण मुक्त आरक्षित निधि में स्थानांतरित संचित लाभ से लाभांश घोषित करने का प्रस्ताव करती है, तो उसे निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। मुक्त आरक्षित निधि के अलावा किसी अन्य आरक्षित निधि से लाभांश घोषित नहीं किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, लाभांश घोषित करने से पहले पिछले वर्षों में अर्जित हानियों और पिछले वर्षों में प्रदान न किये गए मूल्यह्रास को चालू वर्ष के लाभ से समायोजित किया जाना चाहिये।
- निदेशक मंडल वित्तीय वर्ष के दौरान या वित्तीय वर्ष की समाप्ति और वार्षिक आम बैठक (AGM) के बीच, लाभ-हानि खाते में बचे अधिशेष या संबंधित अवधि के लाभ में से अंतरिम लाभांश घोषित कर सकता है । यदि कंपनी को घोषणा से पहले की तिमाही तक चालू वित्तीय वर्ष में हानि हुई है, तो अंतरिम लाभांश की घोषणा पिछले तीन वित्तीय वर्षों में घोषित लाभांश के औसत से अधिक दर पर नहीं की जा सकती है।
- लाभांश की राशि घोषणा के पाँच दिनों के भीतर एक पृथक् अनुसूचित बैंक खाते में जमा की जानी चाहिये, और इसका भुगतान केवल रजिस्ट्रीकृत अंशधारक को ही चेक, वारंट या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किया जाना चाहिये।
धारा 124 — अवैतनिक लाभांश खाता
- यदि घोषित लाभांश घोषणा की तिथि से तीस दिनों तक अवैतनिक या दावारहित रहता है, तो कंपनी को उस अवधि की समाप्ति के सात दिनों के भीतर कुल अवैतनिक राशि को अनुसूचित बैंक में एक विशेष खाते में स्थानांतरित करना होगा जिसे अवैतनिक लाभांश खाता कहा जाता है ।
- इस प्रकार के अंतरण के नब्बे दिनों के भीतर, कंपनी को प्रत्येक दावा न करने वाले अंशधारक के नाम, अंतिम ज्ञात पते और देय राशि का विवरण तैयार करके अपनी वेबसाइट और केंद्र सरकार द्वारा अनुमोदित किसी अन्य वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा। धन का हकदार कोई भी व्यक्ति कंपनी से भुगतान के लिये आवेदन कर सकता है।
- यदि अवैतनिक लाभांश खाते में राशि अंतरित करने में व्यतिक्रम होता है, तो कंपनी को व्यतिक्रम की तारीख से 12% प्रति वर्ष की दर से ब्याज का भुगतान करना होगा, जो बकाया राशि के अनुपात में सदस्यों के लाभ के लिये एकत्रित होता है।
- अवैतनिक लाभांश खाते में सात वर्षों तक बकाया या दावा न की गई राशि, अर्जित ब्याज सहित, निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण कोष (IEPF) में अंतरित कर दी जाती है। इसी प्रकार, जिन अंशों पर निरंतर सात वर्षों या उससे अधिक समय तक लाभांश का भुगतान या दावा नहीं किया गया है, उन्हें भी IEPF में अंतरित कर दिया जाता है। दावेदार विहित प्रक्रिया के माध्यम से IEPF से ऐसे अंश वापस प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से, यदि सात वर्षों की अवधि के दौरान एक बार भी लाभांश का भुगतान या दावा किया जाता है, तो शेयर IEPF में अंतरित नहीं किये जाते हैं।
- धारा 124 का अनुपालन न करने पर कंपनी पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जा सकता है, और उल्लंघन जारी रहने पर प्रतिदिन 500 रुपए का जुर्माना लगाया जा सकता है, जो अधिकतम 10 लाख रुपए तक हो सकता है । प्रत्येक दोषी अधिकारी पर 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया जा सकता है, और उल्लंघन जारी रहने पर प्रतिदिन 100 रुपए का जुर्माना लगाया जा सकता है, जो अधिकतम 2 लाख रुपए तक हो सकता है ।
धारा 127 — लाभांश वितरित करने में विफलता के लिये दण्ड
- यदि घोषित लाभांश का भुगतान घोषणा के तीस दिनों के भीतर नहीं किया जाता है या वारंट जमा नहीं किया जाता है, तो इस व्यतिक्रम में जानबूझकर शामिल प्रत्येक निदेशक को दो वर्ष तक के कारावास और व्यतिक्रम जारी रहने के प्रत्येक दिन के लिये कम से कम ₹1,000 के जुर्माने से दण्डित किया जाएगा। कंपनी व्यतिक्रम की अवधि के लिये 18% प्रति वर्ष की साधारण ब्याज दर का भुगतान करने के लिये भी उत्तरदायी होगी।
- यद्यपि, निम्नलिखित स्थितियों में कोई अपराध नहीं माना जाएगा: विधि के संचालन के कारण लाभांश का भुगतान नहीं किया जा सका; अंशधारक के स्वयं के भुगतान निर्देशों का पालन नहीं किया जा सका और इसकी सूचना उन्हें दे दी गई थी; लाभांश प्राप्त करने के अधिकार के संबंध में कोई विवाद है; लाभांश को अंशधारक द्वारा कंपनी को देय राशि के विरुद्ध विधिक रूप से समायोजित किया गया था; या विफलता कंपनी की किसी व्यतिक्रम के कारण नहीं थी।
प्रमुख समय-सीमाओं का संक्षिप्त विवरण
|
प्रावधान |
समयसीमा / दर |
|
पृथक् बैंक खाते में जमा |
घोषणा की तिथि से 5 दिनों के भीतर |
|
अवैतनिक लाभांश खाते में अंतरण |
30 दिन की अवधि समाप्त होने के 7 दिनों के भीतर |
|
वेबसाइट पर विवरण प्रकाशित करना |
अंतरण के 90 दिनों के भीतर |
|
IEPF में राशि का अंतरण |
अवैतनिक लाभांश खाते में 7 वर्ष बाद |
|
IEPF में अंशों (Shares) का अंतरण |
लगातार सात वर्षों तक लाभांश का दावा न किये जाने के बाद |
|
अंतरण में व्यतिक्रम होने पर ब्याज |
12% प्रतिवर्ष |
|
लाभांश का भुगतान न करने पर कंपनी द्वारा देय ब्याज |
18% प्रतिवर्ष (साधारण ब्याज) |
|
निदेशक हेतु दण्ड |
अधिकतम 2 वर्ष का कारावास तथा ₹1,000 प्रतिदिन का जुर्माना |
निष्कर्ष
कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 123, 124 और 127 लाभांश वितरण को नियंत्रित करने वाला एक सुसंगत ढाँचा प्रदान करती हैं — जिसमें अनुमत स्रोतों और घोषणा की शर्तों से लेकर, दावा न की गई राशियों की सुरक्षा और निदेशकों के लिये व्यक्तिगत आपराधिक दायित्त्व तक शामिल हैं। ये उपबंध स्पष्ट विधायी आशय को दर्शाते हैं: एक बार घोषित होने के बाद, लाभांश अंशधारकों के प्रति एक अटल दायित्त्व है, और किसी भी जानबूझकर किये गए व्यतिक्रम के गंभीर विधिक परिणाम होते हैं।